डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। पेट संबंधी परेशानी के कारण उन्हें कल सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनकी आवश्यक जांच और इलाज किया गया। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पेट में हल्के संक्रमण की पुष्टि
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी को पेट में हल्के संक्रमण की शिकायत थी। इसके साथ ही उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाना था, जिस वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखरेख में लगी रही और उनकी सभी जरूरी जांचें पूरी की गईं।
सोनिया गांधी की सेहत में सुधार
डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत अब पहले से बेहतर है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि सोनिया गांधी दिसंबर 2024 में 78 वर्ष की हो चुकी हैं। वह हाल ही में 13 फरवरी को संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा के बाहर सार्वजनिक रूप से नजर आई थीं।
सरकार से किया था यह अनुरोध
सोनिया गांधी ने हाल ही में सरकार से जल्द से जल्द जनगणना प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया था। उन्होंने यह भी बताया था कि करीब 14 करोड़ लोग ऐसे हैं, जो खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाले लाभ से वंचित रह गए हैं।