आईपीएल 2025 का सीजन शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन इससे पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। टूर्नामेंट के 18वें सीजन की शुरुआत से ठीक 5 दिन पहले लीग की एक प्रमुख टीम का मालिकाना हक बदल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस को एक नई कंपनी ने खरीद लिया है। गुजरात के प्रसिद्ध टॉरेंट ग्रुप ने सोमवार, 17 मार्च को इस फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण पूरा कर लिया। गुजरात टाइटंस की एंट्री आईपीएल में 2021 में हुई थी, जब सीवीसी कैपिटल्स ने इसे 5600 करोड़ रुपये में खरीदा था। खास बात यह रही कि गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
गुजरात टाइटंस में टॉरेंट ग्रुप की एंट्री, 67% हिस्सेदारी खरीदी
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, टॉरेंट ग्रुप ने सोमवार को गुजरात टाइटंस फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण की घोषणा की। अहमदाबाद स्थित टॉरेंट ग्रुप, जो पावर और फार्मा सेक्टर में भारत की प्रमुख कंपनियों में से एक है, ने पूरी 100% हिस्सेदारी नहीं खरीदी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले सीवीसी कैपिटल्स की सब्सिडियरी आइरेलिया स्पोर्ट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस फ्रेंचाइजी का संचालन कर रही थी। अब टॉरेंट ग्रुप ने 67% हिस्सेदारी खरीदकर टीम पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।
हालांकि, इस डील की सटीक राशि का खुलासा नहीं किया गया है। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात टाइटंस की मौजूदा बाजार कीमत लगभग 7500 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस आधार पर, टॉरेंट ग्रुप ने लगभग 5025 करोड़ रुपये में यह हिस्सेदारी खरीदी है। वहीं, सीवीसी कैपिटल्स के पास अब भी 33% हिस्सेदारी बनी रहेगी।
IPL की दूसरी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनी रही गुजरात टाइटंस
2021 में BCCI द्वारा आयोजित ई-ऑक्शन में, सीवीसी कैपिटल्स ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ऊंची बोली लगाई थी। कंपनी ने 5625 करोड़ रुपये की बोली लगाकर इस टीम को खरीदा था, जिससे गुजरात टाइटंस आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनी। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स को गोयनका ग्रुप ने 7000 करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाकर खरीदा था, जो अब तक की सबसे महंगी आईपीएल टीम बनी।
कप्तानी और कोचिंग स्टाफ में बदलाव की संभावना नहीं
टॉरेंट ग्रुप ने 12 फरवरी को इस डील को लेकर समझौते की घोषणा की थी। हालांकि, फ्रेंचाइजी के स्वामित्व में बदलाव के बावजूद इस सीजन में टीम के मैनेजमेंट में कोई बदलाव नहीं होगा। शुभमन गिल ही टीम के कप्तान बने रहेंगे, जिन्होंने पिछले सीजन में यह जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्य कोच आशीष नेहरा और फ्रेंचाइजी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी भी अपनी भूमिकाओं में बने रहेंगे। गुजरात टाइटंस ने 2022 के अपने डेब्यू सीजन में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खिताब जीता था और 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची थी।