दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक चल रही है, जिससे यह सस्पेंस खत्म होने की उम्मीद है। आज सुबह हुई बैठक के बाद, भाजपा संसदीय बोर्ड ने वरिष्ठ नेताओं रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया, जो दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। भाजपा की यह विधायक दल की बैठक आज शाम 7 बजे पार्टी मुख्यालय, पंत मार्ग पर होगी, जिसकी जानकारी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दी।
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरुवार को रामलीला मैदान में किया जाएगा। इस कार्यक्रम की थीम अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़ी हो सकती है। समारोह में 25,000 से 30,000 लोगों की उपस्थिति की उम्मीद है, जिनमें प्रमुख हिंदू संतों के साथ स्थानीय समुदायों के सदस्य भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख बीजेपी सांसदों और एनडीए के शीर्ष नेताओं के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
कौन बन सकते हैं मंत्रीमंडल का हिस्सा?
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री और मंत्री परिषद में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिलेगा। इसके अलावा, दिल्ली की प्रमुख जाति और समुदाय समूहों का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया जाएगा। संभावना है कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चयन भाजपा के निर्वाचित विधायकों में से ही किया जाएगा, न कि सांसदों में से। इस दौड़ में परवेश साहिब सिंह, विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता, आशीष सूद, सतीश उपाध्याय और शिखा रॉय जैसे नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं!